Mahasamund Road Accident: खतरनाक मोड़ बना ब्लैक स्पॉट, डिवाइडर से टकराया ट्रक
Mahasamund Road Accident: खल्लारी के पास ओमकार बांध का मोड़ हादसों का ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। रात में डिवाइडर नजर नहीं आने से ट्रक हादसे का शिकार हुआ। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
क
कीर्तिमान न्यूज
04 Sep 2026, 09:52 AM
महासमुंद
Mahasamund Road Accident: खल्लारी के पास स्थित ओमकार बांध का मोड हादसों का 'ब्लैक स्पॉट' बनता जा रहा है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे यहां एक बड़ा हादसा सामने आया, जब माल से लदा एक ट्रक सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक-परिचालक बाल-बाल बच गए।
प्रशासन का रवैया बेहद लापरवाह
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। जिस जगह से डिवाइडर की शुरुआत होती है, वहां अब तक दर्जनभर से ज्यादा हादसे हो चुके हैं। बार-बार गाड़ियों की सीधी टक्कर लगने के कारण डिवाइडर का शुरुआती हिस्सा (मीडियन नोज) टूट-टूटकर लगभग 15 से 20 फीट पीछे खिसक चुका है। हादसों के बाद प्रशासन का रवैया भी बेहद लापरवाह रहता है, अधिकारी टूटे हुए सीमेंट-कंक्रीट के टुकड़ों को हटाकर सड़क किनारे रख देते हैं और मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
डिवाइडर से टकराया ट्रकहादसों की असली वजह: बदहाल व्यवस्था
इस खतरनाक मोड़ पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के पीछे तीन मुख्य कारण सामने आ रहे हैं:
साइन बोर्ड और मार्किंग का न होना: जहां से डिवाइडर शुरू होता है, उससे काफी पहले चालकों को सतर्क करने के लिए न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और ना ही सड़क पर रिफ्लेक्टिव मार्किंग की गई है।
अंधेरे में छिपता डिवाइडर: पूरे पैच पर स्ट्रीट लाइट या प्रॉपर लाइटिंग का कोई इंतजाम नहीं है। रात के सन्नाटे में दूर से आ रहे वाहन चालकों को सड़क के बीच में अचानक खड़ा डिवाइडर नजर ही नहीं आता।
मीडियन नोज पर कैट्स आई और ब्लिंकर गायब: डिवाइडर के शुरुआती पॉइंट पर चमकदार रिफ्लेक्टर (कैट्स आई) या ब्लिंकर लाइट होना बेहद जरूरी है, जो यहां पूरी तरह नदारद हैं।
रात के समय तेज रफ्तार गाड़ियों के चालकों को जब तक आगे डिवाइडर होने का अहसास होता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। अगर लोक निर्माण विभाग (PWD) और यातायात पुलिस ने जल्द ही यहां सुरक्षा उपाय, साइन बोर्ड और बेहतर लाइटिंग के इंतजाम नहीं किए, तो कभी भी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।