Mahasamund Students: प्रतिभावान विद्यार्थियों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, राष्ट्रपति से की मुलाकात
Mahasamund Students: प्रतिभावान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान, नवाचार और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के साथ Mission ShakthiSAT, नीति आयोग की Exposure Visit और अटल इनक्यूबेशन सेंटर जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया।
क
कीर्तिमान न्यूज
04 Sep 2026, 09:15 AM
महासमुंद
Mahasamund Students: छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, नवाचार और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति का शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया। रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त 2026 को उपलब्धि प्राप्त विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने का अवसर मिला। शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद की कक्षा 12वीं विज्ञान की छात्रा रागनी साहू ने राष्ट्रपति से भेंट कर अपनी उपलब्धियां साझा कीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने सुआ नृत्य की प्रस्तुति देकर प्रदेश की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया। प्रस्तुति से प्रसन्न होकर राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति की सराहना की।
मिशन शक्तिसेट कार्याशाला में सहभागिता
Mission ShakthiSAT – Moon Mission के अंतर्गत 22 से 31 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित 10 दिवसीय कार्यशाला में सहभागिता की। इस दौरान उन्हें मिशन शक्तिसेट की प्रोग्राम डायरेक्टर डॉक्टर केशन, एम्बेसडर जाया तारे, ISRO के वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मिलने और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
अनुभव किए साझा
साथ ही महासमुंद के कक्षा 12वीं विज्ञान के विद्यार्थी डिगेश सेन एवं दुर्गेश साहू ने अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग मे Exposure Visit में सहभागिता किये। विद्यार्थियों ने AIM के मैनेजिंग डायरेक्टर अटल एनीमेशन मिशन दीपक बागला, प्रोग्राम डायरेक्टर दीपाली उपाध्याय, इनोवेशन लीड शुभम गुप्ता से मुलाकात कर अटल टिंकरिंग लैब, महासमुंद में किए जा रहे नवाचार एवं प्रोजेक्ट निर्माण के अनुभव साझा किए तथा नीति आयोग की कार्यप्रणाली को समझा।
28 अगस्त को विद्यार्थियों ने अटल इनक्यूबेशन सेंटर, गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, द्वारका, नई दिल्ली का भी भ्रमण किया। इनक्यूबेशन इंचार्ज प्रिंस गौतम ने विद्यार्थियों को Idea, Prototype, Innovation, Patent, Copyright एवं Startup की प्रक्रिया की जानकारी दी। अटल इनक्यूबेशन सेंटर की ओर से इन्हें ऑनलाइन प्रोग्राम में शामिल किया जाएगा एवं प्रोजेक्ट के लिए सपोर्ट प्रदान किया जाएगा.
विद्यार्थियों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मानअपने अनुभव किए साझा
इसके अलावा 24 अगस्त को राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली में विद्यार्थियों ने 3D Show, VR Theatre, Space एवं विभिन्न विज्ञान गतिविधियों में भाग लेकर वैज्ञानिक अवधारणाओं को प्रयोगात्मक रूप से समझा। इन सभी कार्यक्रमों में मार्गदर्शक शिक्षक चंद्रशेखर मिथलेश विद्यार्थियों के साथ रहे। राज्य कार्यालय से डॉ. मुक्ति बैस स्टेट प्रोग्राम अधिकारी, नोडल के रूप मे कार्यक्रम में शामिल हुईं। छत्तीसगढ़ लौटने पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भेंट कर अपने अनुभव साझा किए।
विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी बी. एल देवांगन , शाला विकास समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान एवं सदस्यगण, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, सहायक संचालक नंदकिशोर सिन्हा, प्राचार्य जी. आर. सिन्हा तथा संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं है ।
डिगेश कुमार सेन, कक्षा 12वी विज्ञान
दिल्ली की इन शैक्षणिक यात्राओं ने मेरे लिए सीखने, नवाचार और आत्मविश्वास की एक नई दुनिया खोल दी। नीति आयोग की एक्सपोज़र विजिट में ATL के माध्यम से विद्यार्थियों के विचारों को अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर वास्तविक समाधान में बदलने की शक्ति को समझा। अटल इनक्यूबेशन सेंटर में बड़े स्तर पर विकसित और फंडेड प्रोजेक्ट्स, AI, 3D प्रिंटिंग तथा आधुनिक तकनीकों को करीब से देखकर मुझे अपने मॉडल्स और प्रोजेक्ट्स को नई सोच के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली। नेशनल साइंस सेंटर में 3D शो, VR और अंतरिक्ष के अनुभव ने विज्ञान को किताबों से निकलकर महसूस करने का अवसर दिया।
रागनी साहू कक्षा 12वी विज्ञान
Mission ShakthiSAT के कार्यक्रम में आकर मुझे अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला। मुझे अलग-अलग देशों के विद्यार्थियों से मिलने और उनकी संस्कृति जानने का मौका मिला। वैज्ञानिकों और शिक्षकों से हमें बहुत सी नई और उपयोगी बातें सीखने को मिलीं। कोडिंग, सोल्डरिंग और क्यूबसैट बनाने जैसी गतिविधियाँ करके मुझे बहुत अच्छा लगा। इस कार्यक्रम में हमें नई-नई गतिविधियाँ करने और बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। यह पूरा कार्यक्रम मेरे लिए बहुत अच्छा, सीखने वाला और हमेशा याद रहने वाला अनुभव रहा।
दुर्गेश साहू, कक्षा 12वी विज्ञान
इस शैक्षणिक यात्रा में राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र के VR थिएटर से मुझे स्पेस स्टेशन की अद्भुत दुनिया को करीब से जीने का अवसर मिला। AIC-GGSIPU में यह सीख मिली कि कैसे सपनों को स्टार्टअप का रूप दिया जाता है। नीति आयोग के अधिकारियों से संवाद कर ATL के अनुभव साझा किए। अब जूनियर्स को इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स सिखाता हूँ और आगे भी ATL के नवाचारों से जुड़ा रहना चाहता हूँ।