Mahasamund Weather: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अब ठंड ने धीरे-धीरे अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। पिछले दो दिनों से मौसम में आए बदलाव ने लोगों को सुबह के वक्त हल्की सिहरन और गुलाबी ठंड का अहसास कराना शुरू कर दिया है। खासकर अलसुबह उठने वाले लोगों और बाइक चालकों को अब सिल्क या हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।
पिछले दो दिनों का हाल: सुबह छाया कोहरा और गिरा पारा
बीते दो दिनों (सोमवार और मंगलवार) की बात करें तो महासमुंद और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिली। सुबह सवेरे खेतों और हाइवे पर हल्की चादर जैसी धुंध छाई रही, जिससे ठंडी हवाओं के साथ सिसीकारी महसूस हुई। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जहाँ रात और सुबह का न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप खिल जाती है जिससे अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, लेकिन सुबह की शुरुआत पूरी तरह ठंडे और खुशनुमा माहौल के साथ हो रही है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले तीन-चार दिनों में ठंड का असर और ज्यादा देखने को मिल सकता है। रात के तापमान में और अधिक गिरावट होने की संभावना है। सुबह के वक्त छाने वाले कोहरे का दायरा बढ़ सकता है और सीत (ओस) की बूंदें घास और गाड़ियों की छतों पर साफ नजर आने लगेंगी। दिन का मौसम सुहाना बना रहेगा, लेकिन धूप में अब चुभन कम और हल्की गर्माहट महसूस होगी जो लोगों को भा रही है।
मौसम के इस बदलाव से जहाँ एक तरफ लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत मिल गई है, वहीं दूसरी ओर यह मौसम खानपान और सैर-सपाटे के लिए भी बेहद अनुकूल हो गया है। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग इस ठंडी हवा और कोहरे का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।











