प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने खास संवाद कार्यक्रम मन की बात के 135वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश की सुरक्षा और तरक्की को लेकर कई बड़ी बातें कहीं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज समंदर से लेकर आसमान तक पूरी तरह सुरक्षित है। इसी महीने हमारे वैज्ञानिकों ने देश में ही बनी लंबी दूरी की मारक क्षमता वाली क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इसके साथ ही विमानन क्षेत्र में भी देश को बड़ी कामयाबी मिली है। मेक इन इंडिया अभियान के तहत तैयार किए गए सी-295 विमान ने अपनी पहली उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। वर्तमान में ऐसे चालीस विमान भारत में ही बनाए जा रहे हैं।
योगासन चैम्पियनशिप में भारत ने जीते 114 मेडल
प्रधानमंत्री ने खेल और योग के क्षेत्र में देश को मिली अंतरराष्ट्रीय कामयाबी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस बार दुनिया के दो हजार पांच सौ से ज्यादा स्थानों पर योग के बड़े कार्यक्रम हुए। भारत ने अहमदाबाद में हुई विश्व योगासन चैम्पियनशिप में शानदार खेल दिखाते हुए कुल 114 मेडल अपने नाम किए हैं। इसमें सबसे खास बात यह रही कि भारतीय खिलाड़ियों ने 102 गोल्ड मेडल जीते और पदक तालिका में देश को पहले स्थान पर पहुंचाया।
शादी में पुराना सोना रीसाइकल कर रहे लोग
पीएम मोदी ने देश के नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि कुछ समय पहले उन्होंने लोगों से सोना न खरीदने, विदेशी यात्रा टालने और गाड़ियों को आपस में साझा करने यानी कार पूलिंग की अपील की थी। देश की जनता इस मुहिम में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रही है। कई परिवारों ने यह फैसला लिया है कि वे शादियों में नया सोना नहीं खरीदेंगे और जरूरत पड़ने पर पुराने सोने को ही नए आभूषणों में बदलेंगे। लोग गाड़ियों को साझा करने के अपने बेहतरीन अनुभव भी लगातार शेयर कर रहे हैं।असम की हरगिला आर्मी ने दूर किया अंधविश्वास
पूर्वोत्तर के राज्यों की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने असम के एक दुर्लभ पक्षी हरगिला की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि यह पक्षी पर्यावरण को साफ रखने में मदद करता है, लेकिन समाज में इसे अशुभ माना जाता था। जीव वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन ने इस सोच को बदलने का बीड़ा उठाया। उन्होंने गांव की महिलाओं को इसके वैज्ञानिक महत्व के बारे में समझाया। आज हजारों महिलाएं एकजुट होकर इस पक्षी को बचा रही हैं, जिन्हें हरगिला आर्मी के नाम से जाना जाता है।
यूनेस्को की लिस्ट के लिए भेजे गए मेघालय के रूट ब्रिज
प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज का भी जिक्र किया, जिन्हें रबर के पेड़ों की जड़ों को धीरे-धीरे दिशा देकर नदियों के पार तैयार किया जाता है। इन्हें बनने में कई दशक लगते हैं और समय के साथ ये और मजबूत हो जाते हैं। भारत सरकार ने इन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल करने के लिए आवेदन भेजा है। इसके अलावा उन्होंने नगालैंड की बेबी फुटबॉल लीग और महिलाओं की फुटसल लीग की भी सराहना की, जो छोटे मैदान पर खेला जाने वाला इंडोर फुटबॉल मैच है।शादी में दिया दुर्घटना बीमा और नालंदा में शास्त्रार्थ
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बहादुरपुरा गांव का जिक्र करते हुए पीएम ने बताया कि वहां के पेठकर परिवार ने अनोखी मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने घर की शादी के मौके पर गांव के साढ़े तीन हजार लोगों के लिए एक-एक लाख रुपए का दुर्घटना बीमा करवाया। वहीं बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वहां शास्त्रार्थ यानी तर्कों के साथ आपस में बातचीत और मंथन करने की हमारी प्राचीन परंपरा को फिर से शुरू किया गया है, जो हमें दूसरों के विचारों को धैर्य से सुनने की सीख देता है।