रायपुर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। गंज थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से MDMA ड्रग्स बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त नशीली सामग्री की कीमत 12 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से करीब 106 ग्राम MDMA ड्रग्स मिली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनिवास माचरा के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ड्रग्स सप्लाई की जांच तेज
जानकारी के मुताबिक, आरोपी के संबंध में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद ACCU और गंज थाना पुलिस की टीम ने योजना बनाकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी MDMA कहां से लेकर आया था और इसे रायपुर में किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी। इसके लिए आरोपी से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है।मोबाइल और बैंक खातों की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच की जा रही है। इससे ड्रग्स कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस जल्द ही मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।