जिले के श्रमिकों को पंजीयन और नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए श्रम विभाग द्वारा विशेष मोबाइल कैंप शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 10 अगस्त 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत जिले के अलग-अलग ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर श्रमिकों का पंजीयन और नवीनीकरण किया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचकर दी जाएगी सुविधा
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल और छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को अब अपने पंजीयन से जुड़ी सेवाओं के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। श्रम विभाग की टीम मोबाइल कैंप के माध्यम से गांवों में पहुंचकर मौके पर ही पंजीयन और नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करेगी। श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र ने बताया कि अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विकासखंडवार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
सिरपुर और खैरखुटा में लगेगा पहला शिविर
अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को होगी। इस दिन महासमुंद विकासखंड के ग्राम सिरपुर और पिथौरा विकासखंड के ग्राम खैरखुटा में मोबाइल कैंप लगाया जाएगा। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित तिथियों के अनुसार शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। विभाग ने सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ लें।श्रमिकों को साथ लाने होंगे जरूरी दस्तावेज
पंजीयन और नवीनीकरण के लिए श्रमिकों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा। नवीनीकरण कराने वाले श्रमिकों को परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य रहेगा। वहीं असंगठित कर्मकार के नए पंजीयन के लिए आय प्रमाण पत्र के साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर जरूरी होगा।
सितंबर तक अलग-अलग गांवों में जारी रहेगा कैंप
श्रम विभाग के अनुसार अगस्त और सितंबर माह में जिले के महासमुंद, बसना, बागबाहरा, पिथौरा और सरायपाली विकासखंडों के कई गांवों में शिविर लगाए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य है कि जिले के अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ा जा सके और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।