MP E-Scooty Scheme: मेधावी छात्रों का सम्मान, सीएम मोहन यादव ने बांटी ई-स्कूटी की चाबी, छात्रा की स्कूटी पर की सवारी
MP E-Scooty Scheme: भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय ई-स्कूटी वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को बड़ी सौगात दी। योजना के तहत प्रदेश के 7400 से अधिक होनहार विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। ई-स्कूटी खरीदने वाले छात्रों के खाते में ₹1.20 लाख और पेट्रोल स्कूटी लेने वाले छात्रों को ₹90 हजार की राशि DBT के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी।
MP E-Scooty Scheme: भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार (19 सितंबर) को उस वक्त माहौल की रंगत बदल गई, जब कैंपस में एक साथ सैकड़ों मेधावी स्टूडेंट्स के चेहरे खिल उठे। मौका था राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम का, जहाँ
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के होनहार छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान सीएम का एक अलग और बेहद आत्मीय अंदाज देखने को मिला। उन्होंने खुद कुछ स्टूडेंट्स को गाड़ी की चाबी सौंपी, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और फिर पढ़ाई से लेकर उनके सपनों तक पर बातचीत की। माहौल में उत्साह तब और बढ़ गया जब मुख्यमंत्री खुद एक छात्रा की स्कूटी पर पीछे बैठकर सवारी करते नजर आए।
छात्रों के खातों में सीधे पहुंचेगी राशि
इस योजना से प्रदेश भर के 7400 से ज्यादा मेधावी छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार इसके तहत छात्रों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे पैसे भेजेगी:
ई-स्कूटी का विकल्प: ई-स्कूटी चुनने वाले छात्रों के खाते में 1.20 लाख रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
पेट्रोल स्कूटी का विकल्प: पेट्रोल स्कूटी का विकल्प चुनने वाले स्टूडेंट्स को 90 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
सरकार इस पूरी योजना पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च कर रही है। मध्य प्रदेश सरकार का मकसद इस पहल के जरिए न सिर्फ मेधावी छात्रों के परिश्रम का सम्मान करना है, बल्कि उच्च शिक्षा के लिए उनकी राह को और आसान बनाना भी है।