मुहर्रम जुलूस में हादसा : हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया 20 फीट ऊंचा ताजिया, 3 की मौत
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के हतनारा गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान 20 फीट ऊंचा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क
कीर्तिमान न्यूज
26 Jun 2026, 09:35 AM
रतलाम
रतलाम जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां मुहर्रम के मौके पर मातम पसर गया। गुरुवार की रात पिपलोदा क्षेत्र के हतनारा गांव में मुहर्रम के जुलूस के दौरान हादसा हो गया। यहां करीब 20 फीट ऊंचा ताजिया हाईटेंशन बिजली की लाइन से टकरा गया।
करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने बताया कि इस हादसे में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है।
घायलों को बेहतर इलाज देने की कोशिश
मृतकों की शिनाख्त रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। वहीं, करंट की चपेट में आकर झुलसे लोगों में 16 वर्षीय किशोर अनास (पिता अकरम) और 35 वर्षीय मोइन शाह सहित रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद, इब्राहिम और वहीद शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों को बेहतर इलाज देने की कोशिश में लगी है।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाजनहीं देख पाए हाईटेंशन लाइन
वहां मौजूद लोगों की माने तो हादसे की मुख्य वजह बिजली के तारों का काफी नीचे होना था। रात के अंधेरे में जुलूस आगे बढ़ रहा था और लोगों का ध्यान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर नहीं गई। जैसे ही ताजिया का ऊपरी हिस्सा तार को छुआ, पूरे इलाके में जोरदार स्पार्क हुआ और देखते ही देखते करंट फैल गया। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
जिम्मेदार अधिकारी मौजदू नहीं
इस पूरी घटना ने स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इतने बड़े आयोजन और जुलूस के बावजूद मौके पर न तो बिजली विभाग का कोई कर्मचारी तैनात था और न ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल मौजूद था। अगर समय रहते बिजली कटौती की गई होती या कोई जिम्मेदार अधिकारी वहां होता, तो शायद वो तीन की जान बच सकती थी।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर इतनी नीचे हाईटेंशन लाइन क्यों छोड़ी गई थी और इस लापरवाही का असली जिम्मेदार कौन है। हतनारा गांव में इस समय सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।