महासमुंद जिले के नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए अब ज्यादा सुविधा मिलेगी। जिला मुख्यालय में आधुनिक सुविधाओं से लैस नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। इस केंद्र के शुरू होने से लोगों को आधार बनवाने और उसमें सुधार कराने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वार्ड नंबर-29, बरोडा चौक के पास स्थित नए आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, यूआईडीएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर और बीएलएस इंटरनेशनल के रीजनल मैनेजर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को काफी सुविधा होगी। अब उन्हें आधार से जुड़े कामों के लिए लंबी दूरी तय करने और अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि आधार सेवाओं की बेहतर उपलब्धता से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समय पर आधार अपडेट और अन्य सुविधाएं मिलने से प्रशासनिक कार्यों में भी आसानी होगी।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं
नए आधार सेवा केंद्र में नागरिकों को आधार नामांकन और अपडेट की सभी प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां बच्चों और वयस्कों के लिए नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा के साथ ही बायोमेट्रिक और जनसांख्यिकीय जानकारी में सुधार कराया जा सकेगा। केंद्र में फिंगरप्रिंट, आंखों की स्कैनिंग (आइरिस) और फोटो अपडेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए जरूरी बायोमेट्रिक अपडेट भी यहां कराया जा सकेगा। इसके अलावा नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि में सुधार या बदलाव, पहचान और पते से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन व अपलोड जैसी सेवाएं भी मिलेंगी।
सप्ताह के सातों दिन रहेगा केंद्र संचालित
आधार सेवा केंद्र सोमवार से रविवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहेगा। नागरिक केंद्र पहुंचकर या ऑनलाइन स्लॉट बुक कराकर अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नए आधार सेवा केंद्र का उपयोग कर अपने आधार नामांकन और अपडेट से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा कराएं।