बालोद जिले के डौंडीलोहारा क्षेत्र स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में एक शिक्षक पर कक्षा 7वीं के छात्र से मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में छात्र के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय छात्र के पिता प्रमोद साहू ने डौंडीलोहारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक लोकेश्वर निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 296 के तहत मामला दर्ज किया है।
एक मिनट की देरी पर मारपीट का आरोप
छात्र के पिता ने पुलिस को बताया कि छुट्टी के बाद उनका बेटा किसी काम से दोबारा कक्षा में गया था। इसके बाद एक पीरियड पूरा होने के बाद जब बाथरूम ब्रेक के दौरान वह करीब एक मिनट देरी से कक्षा में पहुंचा, तो शिक्षक नाराज हो गए। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र के साथ गाली-गलौज की और उसके हाथ से छाती पर मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि छात्र का सिर दीवार की ओर टकरा गया, जिससे उसे चोट आई।सिर में दर्द और सूजन, डरा हुआ है छात्र
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद छात्र के सिर में दर्द और सूजन हो गई थी। रात होने के कारण पहले घर पर ही उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद 21 जुलाई को उसे शासकीय अस्पताल डौंडीलोहारा ले जाकर इलाज कराया गया। परिवार का कहना है कि घटना के बाद बच्चा मानसिक रूप से परेशान है और स्कूल जाने से भी डर रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।