Parag Shah: सोचिए एक ऐसा इंसान, जिसके पास अरबों की दौलत हो, चमचमाती लग्जरी गाड़ियां हों और आगे-पीछे सुरक्षाकर्मियों का घेरा रहता हो, वो अचानक आम कपड़ों में सड़कों पर लोगों के आगे हाथ फैलाए खड़ा नजर आए। सुनकर भले ही यकीन न हो, लेकिन हाल ही में मुंबई की सड़कों पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा शख्स कोई मामूली इंसान नहीं, बल्कि मुंबई की घाटकोपर ईस्ट सीट से बीजेपी विधायक पराग शाह हैं।
चुनावी स्टंट नहीं आध्यात्मिक वजह
चुनावी हलफनामों और रिपोर्ट्स के मुताबिक, पराग शाह की गिनती देश के सबसे अमीर जनप्रतिनिधियों में होती है और उनकी कुल संपत्ति 5,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा आंकी जाती है। ऐसे में जब इतने बड़े उद्योगपति और नेता का सड़कों पर भीख मांगते हुए वीडियो सामने आया, तो हर कोई हैरान रह गया। जैसे ही यह खबर फैली, लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर देश के इतने अमीर विधायक को ऐसा करने की जरूरत क्यों पड़ी? दरअसल, इसके पीछे कोई राजनीति या चुनावी स्टंट नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक वजह है।
जैन धर्मगुरू ने दी थी सलाह
जैन धर्म में इन दिनों 'चातुर्मास' का पवित्र समय चल रहा है। इसी दौरान जैन धर्मगुरु नम्रमुनि महाराज ने पराग शाह को अहंकार त्यागने और एक आम इंसान के संघर्ष को महसूस करने की सलाह दी थी। गुरु का आदेश सिर-आंखों पर रखते हुए विधायक ने अपनी सारी लग्जरी सुविधाएं, महंगी गाड़ियां और सिक्योरिटी एक तरफ रख दी। वे एक दिन के लिए पूरी तरह साधारण लिबास में सड़कों पर निकले और आम भिखारी की तरह लोगों से मदद मांगी। पराग शाह का कहना है कि इस एक दिन के अनुभव ने उन्हें जीवन का सबसे बड़ा सबक दिया है। उन्होंने समझा कि जब इंसान के पास कुछ नहीं होता और वह दूसरों के भरोसे होता है, तो जिंदगी कैसी लगती है. सोशल मीडिया पर अब लोग उनके इस कदम और सादगी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
