PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश की 7.8 प्रतिशत की तिमाही वृद्धि इसकी आर्थिक क्षमता और मजबूती को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नई दिल्ली स्थित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि भारत ने नीतिगत गतिरोध के दौर से निकलकर नीतिगत गतिशीलता की दिशा में लंबी यात्रा तय की है।
आज दुनिया भारत को प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाले देश के तौर पर देख रही है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और आने वाली पीढ़ियां भारत को विकसित तथा आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान देंगी।
SRCC की शैक्षणिक पहचान की PM ने की तारीफ
प्रधानमंत्री ने SRCC के सौ साल के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि कॉलेज ने कई पीढ़ियों के विद्यार्थियों को शिक्षा, आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर दिया है। उन्होंने संस्थान की अकादमिक उत्कृष्टता और देश के विभिन्न क्षेत्रों में उसके पूर्व छात्रों के योगदान की भी सराहना की। मोदी ने SRCC के पूर्व छात्रों को खास बताते हुए पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के पूर्व छात्रों ने कला, राजनीति समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संस्थान की प्रतिष्ठा को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच तक पहुंचाया है।
युवाओं के लिए वैश्विक स्तर पर अवसर
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी समारोह में SRCC की उपलब्धियों और लंबे समय से बनाए गए शैक्षणिक स्तर की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने वैश्विक बाजार में कुशल मानव संसाधनों की बढ़ती मांग का जिक्र करते हुए इसे देश की युवा पीढ़ी के लिए बड़ा अवसर बताया। मंत्री ने कहा कि बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।दिल्ली मेट्रो से SRCC पहुंचे
प्रधानमंत्री SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली मेट्रो से कॉलेज पहुंचे। उनके मेट्रो से सफर करने की तस्वीरें और वीडियो भी चर्चा में रहे। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने संस्थान की विरासत, भारत की आर्थिक प्रगति और युवाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बात की।

