Raaz Actress Malini Sharma: ‘मैं तुम्हें बर्बाद कर दूंगी…’ याद है ‘राज’ की वो खूबसूरत भूतनी ? ऐसे जी रहीं जिंदगी
Raaz Actress Malini Sharma: ‘राज’ में मालिनी मलिक का किरदार निभाकर मशहूर हुईं मालिनी शर्मा लंबे समय से बॉलीवुड से दूर हैं। अब वह सह्याद्रि की पहाड़ियों में प्रकृति के करीब सुकून भरी जिंदगी जी रही हैं और अपने वेंचर ‘द स्लो लोकल’ से जुड़ी हैं।
क
कीर्तिमान डेस्क | लक्ष्मी साहू
27 Aug 2026, 12:19 PM
नई दिल्ली
Raaz Actress Malini Sharma: साल 2002… सिनेमाघरों में एक ऐसी हॉरर फिल्म आई, जिसने दर्शकों को डराने के साथ बॉक्स ऑफिस पर भी तहलका मचा दिया। नाम था‘राज’। बिपाशा बसु और डिनो मोरिया की इस फिल्म में एक चेहरा ऐसा भी था, जो कुछ ही समय पर्दे पर दिखाई दिया, लेकिन लोगों के जेहन में बस गया। हम बात कर रहे हैं मालिनी शर्मा की, जिन्होंने फिल्म में मालिनी मलिक का किरदार निभाया था। उनकी खूबसूरती, रहस्यमयी अंदाज और दमदार अभिनय ने उन्हें रातोंरात चर्चित कर दिया था।
लेकिन जिस अभिनेत्री को ‘राज’ के बाद बॉलीवुड में आगे बढ़ते देखने की उम्मीद थी, वह अचानक फिल्मी दुनिया से दूर हो गईं। आज मालिनी शर्मा कैमरे, फिल्मी पार्टियों और ग्लैमर से दूर बिल्कुल अलग जिंदगी जी रही हैं।
‘राज’ की रहस्यमयी अभिनेत्री‘राज’ ने रातोंरात बना दिया था मशहूर
करीब 5 से 5.25 करोड़ रुपए के बजट में बनी ‘राज’ ने उस दौर में जबरदस्त कारोबार किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने दुनियाभर में करीब 37 करोड़ रुपए कमाए थे। फिल्म के गानों से लेकर डरावने दृश्यों तक की खूब चर्चा हुई। मालिनी शर्मा का रोल बड़ा नहीं था, लेकिन उन्होंने अपनी मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींच लिया। खासकर ‘आपके प्यार में’ गाने ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया। ऐसा लग रहा था कि मालिनी अब बॉलीवुड में लंबी पारी खेलेंगी, लेकिन उनकी जिंदगी ने इसके बाद बिल्कुल अलग मोड़ ले लिया।
शोहरत मिली, फिर बॉलीवुड को कह दिया अलविदा
‘राज’ की सफलता के बाद मालिनी शर्मा ने फिल्मों की चमक-दमक से धीरे-धीरे दूरी बना ली। उन्होंने लगातार फिल्में करने के बजाय कैमरे से दूर रहना पसंद किया। लंबे समय तक उनकी जिंदगी को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई, इसलिए कई दर्शकों के मन में सवाल बना रहा कि आखिर ‘राज’ की मालिनी कहां गायब हो गईं? अब सामने आई जानकारियां उनकी जिंदगी का बिल्कुल अलग पहलू दिखाती हैं। बड़े पर्दे की ग्लैमरस अभिनेत्री अब प्रकृति के बीच सुकून भरी जिंदगी से जुड़ी नजर आती हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मालिनी अब सह्याद्रि की पहाड़ियों के बीच प्रकृति के करीब समय बिताती हैं और एक फार्मस्टे से जुड़ी हुई हैं। यहां उनकी जिंदगी फिल्म सेट से बिल्कुल अलग है। वह सब्जियां उगाने से लेकर मेहमानों के लिए खाना तैयार करने तक के कामों में समय बिताती हैं। हाल में उनका एक वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर लोगों को ‘राज’ की वही मालिनी याद आ गईं। फर्क सिर्फ इतना है कि अब उनकी जिंदगी कैमरों की चमक के बजाय हरियाली और सुकून के बीच गुजर रही है।
‘द स्लो लोकल’ से शुरू की जिंदगी की नई पारी
बॉलीवुड छोड़ने के बाद मालिनी ने अपनी पसंद और रुचियों को काम में बदलते हुए ‘द स्लो लोकल’ नाम से एक वेंचर शुरू किया। इसका जुड़ाव फूड, क्राफ्ट, वर्कशॉप और सुकून भरी जीवनशैली से बताया जाता है।
लोकल फूड और हैंडमेड प्रोडक्ट्स से शुरू हुई इस पहल में बच्चों के लिए वर्कशॉप और स्टोरीटेलिंग सेशन जैसी गतिविधियां भी शामिल रही हैं। घर पर बनी ब्रेड, कॉफी, ग्रेनोला, जैम और तेल जैसी चीजों पर भी उन्होंने काम किया। यानी फिल्मी पर्दे से दूर होने के बाद मालिनी ने अपनी जिंदगी को बिल्कुल नई पहचान दी।
प्रियांशु चटर्जी से हुई थी शादी
मालिनी शर्मा की निजी जिंदगी भी एक समय काफी चर्चा में रही। उन्होंने ‘तुम बिन’ से लोकप्रिय हुए अभिनेता प्रियांशु चटर्जी से शादी की थी। हालांकि दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और बाद में वे अलग हो गए।
24 साल बाद भी नहीं भूले दर्शक
‘राज’ को रिलीज हुए दो दशक से ज्यादा समय गुजर चुका है, लेकिन मालिनी शर्मा का किरदार आज भी फिल्म के प्रशंसकों को याद है। पर्दे पर रहस्यमयी अंदाज से दर्शकों को डराने वाली मालिनी ने असल जिंदगी में ग्लैमर से दूर एक शांत रास्ता चुना। शायद यही वजह है कि इतने वर्षों बाद उनकी एक झलक सामने आते ही लोग फिर पूछने लगे—आखिर ‘राज’ की वो खूबसूरत ‘भूतनी’ अब कहां है?