Raipur Murder Case: राजधानी पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित अश्वनी नगर में रविवार (30 अगस्त) की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मामूली विवाद और पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शहर से भाग रहे 4 नाबालिग आरोपियों को पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर दबोचा है। मृतक की पहचान अहमद खान के रूप में हुई है।
इलाज के ले गए अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जांच शुरू की गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि अश्वनी नगर में एक युवक गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल अहमद खान को तत्काल इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया।
रायपुर छोड़कर भागने की थी योजना
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद फॉरेंसिक और पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की, जिससे आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी रायपुर छोड़कर ट्रेन के जरिए भागने की योजना बना रहे थे। जैसे ही पुलिस को आरोपियों की लोकेशन का पता चला, तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क साधा गया।एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही बाल संप्रेक्षण गृह से आया है बाहार
रायपुर पुलिस और RPF के बीच बेहतर समन्वय के चलते 3 नाबालिगों को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से भागते समय हिरासत में ले लिया गया, जबकि 1 अन्य आरोपी को रायपुर में ही दबिश देकर पकड़ा गया। मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि पकड़ा गया एक नाबालिग कुछ ही दिन पहले लूट के एक मामले में बाल संप्रेक्षण गृह (रिमांड होम) से छूटकर बाहर आया था।
रंजिश की मुख्य वजह को लेकर पूछताछ
बाहर आते ही उसने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस फिलहाल चारों नाबालिगों से हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू (हथियार) और रंजिश की मुख्य वजह को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। रायपुर में पिछले कुछ समय से चाकूबाजी और नाबालिगों द्वारा हिंसक वारदातों को अंजाम देने के मामले तेजी से बढ़े हैं।असमाजिक तत्वों की खंगाल रहे जानकारी
छोटी-छोटी बातों पर धारदार हथियारों का इस्तेमाल करना आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। पुरानी बस्ती पुलिस अब पकड़े गए नाबालिगों के पुराने रिकॉर्ड और उनके संपर्क में रहने वाले अन्य असमाजिक तत्वों की जानकारी खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

