Raipur Road Accident: नया रायपुर से रायपुर लौट रहे चार युवक-युवतियों की कार रविवार देर रात सेरीखेड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ओवरब्रिज पर कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और इसके बाद पलट गई। हादसे में कार सवार युवती शिवानी ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, कार क्रमांक सीजी 04 एनडब्ल्यू 7718 में चार लोग सवार थे। सभी नया रायपुर की तरफ से लौट रहे थे। सेरीखेड़ी के पास ओवरब्रिज पर पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा।
इलाज के दौरान शिवानी ने तोड़ा दम
हादसे में शिवानी ठाकुर को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में अनंत सोनकर निवासी रामबाग, धमतरी, प्रखर सोनकर निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर और सेजल सोनकर निवासी कोटा, रायपुर भी घायल हुए हैं। घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल तीनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।मंदिर हसौद पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया और घटना की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि, कार के अनियंत्रित होने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के समय वाहन की गति, चालक के नियंत्रण समेत अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।

