शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रीवा (लखौली) के खेल मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में रायपुर जिले की बेटियों ने अपने शानदार खेल के बदौलत एकतरफा दबदबा कायम किया। रोमांचक फाइनल मुकाबलों में रायपुर की टीम ने अंडर-17 और अंडर-19 दोनों ही आयु समूहों में बलौदाबाजार और महासमुंद को मात देकर प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। इस शानदार जीत के साथ ही रायपुर की टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया है।
प्रतियोगिता में देखने मिला रोमांच
वहीं अंडर-14 वर्ष आयु वर्ग में धमतरी की टीम ने पहला स्थान हासिल कर बाजी मारी। इस संभाग स्तरीय स्पर्धा में रायपुर संभाग के पांच जिलों- रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद एवं बलौदाबाजार-भाटापारा की बालिकाओं ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों की अद्भुत फुर्ती, दमदार रेड, सटीक डिफेंस और बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।
मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा
अंतिम क्षण तक चले संघर्षपूर्ण और रोमांचक मुकाबलों ने मैदान में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खेल के साथ ही छात्र-छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर ने ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष के साथ कबड्डी को भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बताया और बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।खेल के साथ पढ़ाई में भी मन लगाएं
कार्यक्रम की अध्यक्ष जनपद पंचायत आरंग की सभापति कृष्णा महेश साहू ने बेटियों को सलाह दी कि वे हार-जीत से निराश या अतिउत्साहित न होकर खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी मन लगाएं। वहीं विशिष्ट अतिथि सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी महासमुंद अंजलि बरमाल और सरपंच घसिया राम साहू ने रीवा की माटी को कबड्डी का गढ़ बताते हुए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान
समापन अवसर पर खेल में आजीवन योगदान देने वाले सेवानिवृत्त क्रीड़ा अधिकारियों एस. आर. कर्ष, सी.एस. बघेल, भानु प्रताप सिंह, आर. बी. चंद्राकर, नीलमणि चंद्राकर, आई.पी. वर्मा, लक्ष्मी चंद्राकर सहित संयोजक प्राचार्य आर. पी. चंद्राकर व ब्लॉक क्रीड़ाधिकारी राकेश प्रधान का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफी तथा द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्यायाम शिक्षक भोजराम मनहरे ने किया तथा आभार अमित चंद्राकर ने व्यक्त किया। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए कोच, मैनेजर, व्यायाम शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक उपस्थित रहे।