Rajnandgaon E-Scooter Fire: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से इलेक्ट्रिक वाहन की सुरक्षा को लेकर एक मामला सामने आया है। कमल टॉकीज चौक के पास चार्जिंग से हटाने के कुछ ही समय बाद एक ई-स्कूटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि स्कूटर करीब 10 मिनट के अंदर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सड़क किनारे ई-स्कूटर को धू-धू कर जलता देख आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। जानकारी के मुताबिक, यह ई-स्कूटर सोनी डेयरी के संचालक महेश सोनी का बताया जा रहा है। बताया गया कि स्कूटर की बैटरी खत्म होने के कारण उसे चार्जिंग पर लगाया गया था। चार्जिंग पूरी होने के बाद जब वाहन को बाहर निकाला गया, तभी उसमें से अचानक अजीब आवाज आने लगी। कुछ ही देर में स्कूटर से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए और आग बढ़ने से पहले वहां से दूरी बना ली।
कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिरा स्कूटर
धुआं निकलने के बाद अचानक स्कूटर में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन इसकी चपेट में आ गया। करीब 10 मिनट के भीतर ई-स्कूटर का अधिकांश हिस्सा जल गया। आग बुझने के बाद केवल उसका ढांचा ही बचा हुआ दिखाई दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।कंपनी को दी गई घटना की जानकारी, जांच के बाद सामने आएगा कारण
ई-स्कूटर में आग लगने की घटना के बाद वाहन मालिक महेश सोनी ने इसकी जानकारी संबंधित कंपनी को दे दी है। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। बैटरी में खराबी, तकनीकी समस्या या किसी अन्य कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाएं सामने आने के बाद एक बार फिर बैटरी सुरक्षा और वाहन निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्राहकों का कहना है कि ई-वाहनों की बढ़ती मांग के बीच कंपनियों को सुरक्षा मानकों पर और ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।

