रायपुर जिले ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले की 99 सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) का प्रमाणन मिल गया है। इसके साथ ही रायपुर छत्तीसगढ़ का ऐसा पहला जिला बन गया है, जहां सबसे अधिक सरकारी स्वास्थ्य संस्थाएं NQAS मानकों पर खरी उतरी हैं।
जिले की 2 स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रमाणन से जुड़े परिणाम अभी भारत सरकार से आना बाकी हैं। वहीं 3 अन्य संस्थानों का राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन होना शेष है। अधिकारियों का कहना है कि इन संस्थानों के शामिल होने के बाद यह संख्या और बढ़ सकती है।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचता है NQAS
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक गुणवत्ता मूल्यांकन व्यवस्था है। इसके तहत सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की गहन जांच की जाती है। मूल्यांकन के दौरान मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, इलाज और जांच की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन, जैव चिकित्सा अपशिष्ट निपटान सहित कई महत्वपूर्ण मानकों को परखा जाता है। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले संस्थानों को ही NQAS प्रमाणन प्रदान किया जाता है।लगातार निगरानी और टीमवर्क से मिली सफलता
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले में लोगों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। लगातार निगरानी और विभागीय टीमों के बेहतर समन्वय से स्वास्थ्य संस्थाओं की व्यवस्था में सुधार आया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि NQAS प्रमाणन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी का परिणाम है कि रायपुर जिला प्रदेश में सबसे अधिक NQAS प्रमाणित स्वास्थ्य संस्थाओं वाला जिला बन पाया है।