शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा फिर सामने आने लगा है। धमतरी जिले के बारना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति की मांग को लेकर सोमवार को छात्रों और पालकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया। तेज बारिश के बावजूद ग्रामीण स्कूल पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई।
स्कूल मर्जिंग को लेकर विरोध
बालोद जिले में भी स्कूल को युक्तियुक्तकरण के तहत मर्ज किए जाने के फैसले का विरोध देखने को मिला। शासकीय नवीन प्राथमिक शाला शिकारीटोला क्रमांक-2 में पालकों ने सोमवार को स्कूल में ताला लगा दिया। पालकों का आरोप है कि स्कूल को माध्यमिक विद्यालय करियाटोला में मर्ज करना उचित नहीं है।

शिक्षकों की नियुक्ति तक ताला रखने का ऐलान
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। कई बार मांग उठाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। नाराज पालकों और ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक तालाबंदी जारी रहेगी।
अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप
पालकों का कहना है कि स्कूल मर्ज किए जाने को लेकर उनकी आपत्तियों और मांगों पर अधिकारियों ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने स्कूल में तालाबंदी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंचे विरोध
विरोध की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार देवेंद्र नेताम पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नाराज ग्रामीणों और पालकों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। फिलहाल दोनों जिलों में स्कूलों को लेकर उठे विरोध के बाद प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।


