छत्तीसगढ़ के निजी स्कूलों में शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत पहली कक्षा में प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए अहम खबर है। आरटीई प्रवेश प्रक्रिया का तीसरा और अंतिम चरण 22 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इस चरण में बची हुई सीटों पर बच्चों को लॉटरी प्रक्रिया के जरिए प्रवेश दिया जाएगा।
इससे पहले 17 से 21 जुलाई के बीच प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में आरटीई के तहत खाली सीटों की जानकारी जारी की जाएगी। इससे अभिभावकों को अपने जिले और पसंदीदा स्कूल में उपलब्ध सीटों की स्थिति पता चल सकेगी।
9,242 सीटों पर मिलेगा प्रवेश का मौका
छत्तीसगढ़ में आरटीई प्रवेश के दो चरण पहले ही पूरे हो चुके हैं। इसके बाद भी प्रदेश के निजी स्कूलों में करीब 9,242 सीटें खाली रह गई हैं। अब इन सीटों को भरने के लिए अंतिम चरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार प्रदेश के 6,858 निजी स्कूलों में आरटीई के तहत पहली कक्षा के लिए कुल 23,124 सीटें निर्धारित की गई थीं। पहले और दूसरे चरण के बाद अब तक 13,882 बच्चों का प्रवेश हो चुका है। चयनित विद्यार्थियों को 17 जुलाई तक संबंधित स्कूलों में दाखिला पूरा करना था।22 जुलाई से 5 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
अंतिम चरण में प्रवेश के लिए पात्र बच्चे और अभिभावक 22 जुलाई से 5 अगस्त तक आरटीई पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कूलों के नोडल प्राचार्य आवेदनों की जांच और दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 से 14 अगस्त के बीच ऑनलाइन लॉटरी और काउंसलिंग के माध्यम से चयन सूची जारी की जाएगी। चयनित बच्चों को 17 अगस्त से 25 अगस्त के बीच संबंधित स्कूलों में प्रवेश लेना होगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने आरटीई प्रवेश प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 27 अगस्त तक की अंतिम समय-सीमा तय की है। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे तय समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि बच्चों को आरटीई के तहत प्रवेश का लाभ मिल सके।