Sagar Poisonous Liquor: शराब सेवन से हुई मौतों की घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में अवैध जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि कुछ लोगों को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री और संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जहरीली शराब कांड पर देवड़ा सख्त
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने संभाली कमान प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने भी घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच, राहत तथा उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम देवड़ा ने कहा कि सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि घटना में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पहुंचा पूरा प्रशासन
सरकार इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घटना की जानकारी जुटाई।
इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी जानकारी लेकर उनके उपचार और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े संभावित ठिकानों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
जहरीली शराब के बाद 7 दुकानें सील
प्रशासन ने प्रारंभिक कार्रवाई के तहत क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को एहतियातन सील कर दिया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौतों और लोगों की तबीयत बिगड़ने के पीछे शराब की गुणवत्ता या उसमें किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट की भूमिका है या नहीं। अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रशासन पूरे मामले में अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रहा है। आमजन से प्रशासन की अपील घटना के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों और आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
संदिग्ध शराब से बचने की अपील
प्रशासन ने कहा है कि जिन लोगों ने हाल ही में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार या किसी अन्य तरह की परेशानी महसूस हो रही है, वे इसे नजरअंदाज न करें और एहतियात के तौर पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच कराएं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध या अवैध शराब का सेवन न करें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।

