Sagar Sharab Kand: जहरीली शराब कांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस प्रकरण में फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जंगल में छिपे होने की मिली सूचना
गिरफ्तार आरोपी पहले से ही शराब तस्करी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। जंगल में छिपे होने की मिली थी सूचना जानकारी के मुताबिक, 13 सितंबर की सुबह बहरोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर जहरीली शराब मामले का आरोपी शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ है।
पुलिस को आशंका थी कि वह बंडा-बहरोल मुख्य मार्ग से होते हुए अपने घर छापरी थाना क्षेत्र की ओर जा सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने थाना बान्द्री प्रभारी सत्येंद्र सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
आसपास के थाना प्रभारियों को भी पुलिस बल के साथ मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस पर आरोपी ने चलाई गोलियां पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान जैसे ही टीम आरोपी के करीब पहुंची, उसने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर तीन राउंड गोलियां चलाईं।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे काबू में ले लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। सरकार ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश सागर जहरीली शराब मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही सख्त रुख अपना चुके हैं। उन्होंने घटना को गंभीर और दुखद बताते हुए अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
मुख्यमंत्री ने कहा था कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा। मामले की कार्रवाई पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उनसे जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकती हैं।

