Satna News: उचेहरा से एक दुखद और प्रशासनिक असंवेदनशीलता से भरी खबर सामने आई है। उचेहरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 11 (रामघाट) स्थित बरुआ नदी में डूबने से एक स्थानीय युवक की अकाल मौत हो गई। रविवार सुबह करीब 11 बजे वार्ड क्रमांक 'रामदेवाला' (कारी माटी) निवासी चंद्र प्रकाश शर्मा (पिता स्वर्गीय विष्णु बिहारी शर्मा) बरुआ नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। घटना की खबर फैलते ही पुलिस और स्थानीय निवासियों ने मिलकर नदी में तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन दिनभर उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह युवक का शव पानी में तैरता मिला, जिसे पुलिस और वार्डवासियों की मदद से बाहर निकाला गया।
शव वाहन न मिलने से आक्रोश, कचरा गाड़ी भेजने पर बवाल
इस दुखद हादसे के बाद उस वक्त स्थिति और तनावपूर्ण हो गई, जब नगर परिषद की ओर से शव को मरचूरी (शवगृह) तक ले जाने के लिए एक कचरा वाहन भेज दिया गया। स्थानीय निकाय की इस शर्मनाक हरकत पर परिजनों, पार्षद पुत्र शिवम यादव और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कड़ा एतराज जताया। आक्रोश को देखते हुए कचरा वाहन को तुरंत वापस लौटाया गया और बाद में एक ऑटो के जरिए शव को मरचूरी पहुंचाया गया।
व्यवस्थाओं और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल
इस पूरी घटना ने नगर परिषद और स्थानीय अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। एक तरफ जहां पीड़ित परिवार अपने जवान बेटे की मौत के गहरे शोक में डूबा था, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार तंत्र शव के लिए एक सम्मानजनक शव वाहन तक उपलब्ध नहीं करा सका। सार्वजनिक मंचों से बड़े-बड़े दावे करने वाले स्थानीय निकाय की इस कार्यप्रणाली और असंवेदनशीलता से क्षेत्रीय जनता में खासा गुस्सा है।






