जिले के चांदिली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर हुंडई शोरूम के पास, ग्राम खलीगुड़ा के समीप सड़क किनारे पड़े एक काले रंग के बैग के भीतर युवती का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस मामले में चांदिली थाना में अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत 17 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत होने पर हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
7 से 10 दिन पुराना बताया जा रहा शव
जांच में सामने आया है कि मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच है। उसकी लंबाई करीब 160 सेंटीमीटर और रंग गेहुँआ से गोरा बताया गया है। युवती ने लाल और हरे रंग का चेकदार नाइट सूट पहन रखा था। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला है और उसके दोनों हाथ बंधे हुए थे। पुलिस का अनुमान है कि शव मिलने से करीब 7 से 10 दिन पहले युवती की मौत हुई होगी।पहचान के लिए पुलिस ने जारी की अपील
चांदिली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उत्तम कुमार साहू ने सभी थाना, चौकी, जीआरपी और अन्य पुलिस इकाइयों के साथ-साथ आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गुमशुदा महिला का हुलिया इस विवरण से मेल खाता हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही विभिन्न जिलों के गुमशुदगी रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि मृतका की जल्द पहचान कर मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।