छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार गायों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मवेशी घायल हो गए। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड इलाके की बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात वीआईपी रोड पर एक कार तेज रफ्तार से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पर मौजूद मवेशी उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि चार गायों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ अन्य मवेशियों के घायल होने की बात सामने आई है।
कार चालक हिरासत में
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की जानकारी तेलीबांधा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में शामिल कार के चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और चालक ने किन परिस्थितियों में वाहन से नियंत्रण खोया। चालक के नशे में होने की बात अभी जांच का विषय है।सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
पुलिस की जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। रात के समय तेज गति से चलने वाले वाहन सड़क पर मौजूद लोगों के साथ ही मवेशियों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।