STF Inspector Rape Case: भोपाल में पदस्थ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के निरीक्षक आनंद कुमार पर दर्ज दुष्कर्म के मामले में दो दिन बाद ही नया मोड़ आ गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कराने वाली 34 वर्षीय महिला ने मीडिया के सामने आकर अपने पहले के आरोपों से अलग बयान दिया है। महिला ने ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) धर्मवीर सिंह और महिला थाने में पदस्थ रश्मि भदौरिया पर दबाव बनाकर एफआईआर दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मीडिया से चर्चा करते हुए महिला ने बताया कि एसटीएफ निरीक्षक आनंद कुमार के साथ उसके पहले से पारिवारिक संबंध हैं, जो आज भी कायम हैं। महिला के मुताबिक, उसने अपने पिता के कहने पर पुलिस में शिकायत आवेदन दिया था, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया था।
महिला का दावा- आनंद कुमार से हैं पारिवारिक संबंध
उसने अपने साथ किसी भी प्रकार का शारीरिक शोषण होने की बात से इनकार किया है। महिला का कहना है कि मामले को समाप्त करने के लिए उसने पुलिस को शपथ पत्र (Affidavit) भी सौंपा था। इसके बावजूद पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और दबाव बनाकर मामले में एफआईआर दर्ज की गई। महिला ने इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
2022 की बताई गई थी घटना
पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, घटना वर्ष 2022 की बताई गई थी। उस समय आनंद कुमार ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर तैनात थे। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पारिवारिक विवाद के दौरान आनंद कुमार ने महिला से संपर्क किया और मदद का भरोसा दिया।शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का था आरोप
एफआईआर में आरोप था कि आनंद कुमार ने अपनी पत्नी के कैंसर से पीड़ित होने और उसकी मृत्यु के बाद शादी करने की बात कहकर महिला से शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी से इनकार किए जाने पर महिला की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की बात सामने आई थी।
अब महिला द्वारा अपने पूर्व आरोपों से अलग बयान देने और पुलिस अधिकारियों पर दबाव डालकर कार्रवाई कराने का आरोप लगाने के बाद मामला नया मोड़ ले चुका है। महिला के इन दावों की आधिकारिक जांच और पुलिस पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
और भी पढ़े:-
https://keertiman.com/hi/article/girl-raped-pretext-marriage-poisoned-death-agniveer-youth-arrested