जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिलौटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्र ने अचानक अपना व्यवहार बदल लिया और उसने अपने सहपाठियों को काटना शुरू कर दिया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए। सभी प्रभावित बच्चों को एहतियात के तौर पर रेबीज रोधी टीके लगाए जा रहे हैं।
तीन साल पहले कुत्ते के काटने की हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले एक रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काट लिया था। उस समय डॉक्टरों की सलाह के अनुसार छात्र को रेबीज से बचाव के सभी जरूरी टीके लगाए गए थे। हालांकि, स्कूल में अचानक उसके व्यवहार में बदलाव आया और उसने आसपास मौजूद छात्रों को काटना शुरू कर दिया।
घायल छात्रों को मिला प्राथमिक उपचार
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत स्थिति को संभाला और घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। सुरक्षा के लिहाज से सभी प्रभावित बच्चों को रेबीज संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं, छात्र को चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची और पूरी स्थिति का जायजा लिया। टीम ने आवश्यक चिकित्सा जांच और एहतियाती कदम शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।
जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि छात्र के वर्तमान व्यवहार का संबंध तीन साल पहले हुई रेबीज की घटना से है या नहीं। डॉक्टरों की जांच और रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करें।