भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में फार्मेसी की 19 वर्षीय छात्रा खुशी साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिंटू साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब एक महीने से खुशी को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था। जब खुशी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया तो आरोपी नाराज हो गया और रायपुर से भिलाई पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को रायपुर से पकड़ा है। बताया जा रहा है कि पिंटू साहू मूल रूप से बलौदाबाजार जिले का रहने वाला है। शनिवार को पुलिस आरोपी को रामनगर स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां वारदात का सीन रिक्रिएट कराया गया। पुलिस के मुताबिक हत्या के दौरान आरोपी के हाथ में भी चोट लगी थी। फिलहाल उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
नंबर ब्लॉक होने से नाराज हुआ आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि शुक्रवार सुबह आरोपी पिंटू ने खुशी को दो बार फोन किया था, लेकिन नंबर ब्लॉक होने के कारण संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद उसने खुशी की सहेली को कॉल किया। सहेली ने बताया कि खुशी के पास मोबाइल नहीं है। इसके बाद आरोपी बाइक से सीधे भिलाई के रामनगर स्थित उस किराए के कमरे में पहुंच गया, जहां खुशी रहती थी। उस समय उसकी सहेली नहाने के लिए बाथरूम में गई हुई थी और कमरे में खुशी अकेली थी। पुलिस के अनुसार, कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी और खुशी के बीच विवाद हुआ।आरोपी ने पहले उसका गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने चाकू से खुशी के शरीर पर कई वार किए। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 बार चाकू से हमला किया। गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने से खुशी की मौत हो गई। वारदात के दौरान आरोपी के हाथ में भी गंभीर चोट आई थी। हत्या के बाद वह मौके से फरार होकर रायपुर चला गया।सहेली ने खून से लथपथ देखा, पुलिस को दी सूचना
खुशी की सहेली जब बाथरूम से बाहर आई तो उसने उसे कमरे में खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद उसने तुरंत मकान मालिक और पास के कैफे संचालक को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और खुशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि खुशी ने करीब एक सप्ताह पहले अपने भाई को एक युवक द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि युवक अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा है। आरोपी ने दो दिन पहले खुशी के भाई को भी धमकी दी थी।