Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के अनेक राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई तेज बारिश से कई सड़कें जलमग्न हो गईं। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट आने वाली 15 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अलग-अलग राज्यों में बारिश की तीव्रता अलग रह सकती है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि चुनिंदा स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
और भी पढ़े:-
https://keertiman.com/hi/article/monsoon-intensify-chhattisgarh-rains-likely-next-7-days-heavy-rainfall-warned-many-areas
भारी बारिश से यातायात प्रभावित
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई हिस्सों में सोमवार को तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी खराब मौसम का असर दिखाई दिया। दृश्यता कम होने और तेज बारिश के कारण कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ के लोगों को भी अगले कुछ दिनों तक सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 23 से 29 अगस्त तक अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 25 अगस्त तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 26 और 27 अगस्त को चुनिंदा स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 24 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है। 25 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।ओडिशा में बहुत भारी बारिश का अनुमान
विदर्भ में 24 अगस्त को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र के मध्यवर्ती हिस्सों में 26 अगस्त तक भारी बारिश का दौर चल सकता है। पूर्वी भारत में ओडिशा पर मानसून का ज्यादा प्रभाव दिखाई दे सकता है। राज्य में 24 से 26 अगस्त के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में 27 अगस्त तक और बिहार में 24 से 26 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है।