एम्स्टेलवीन के वैगनर स्टेडियम में खेले गए महिला हॉकी वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। मजबूत मानी जा रही चीनी टीम के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पूरे मैच में जबरदस्त मुकाबला किया।
भारत ने मैच की शुरुआत तेज गति से की और इसका फायदा भी जल्द मिला। 8वें मिनट में नेहा के शानदार पास पर नवनीत कौर ने बेहतरीन फिनिश करते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इस गोल के साथ भारत ने चीन के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली।
पेनल्टी स्ट्रोक से चीन ने की बराबरी
हालांकि चीन ने तुरंत वापसी की। भारतीय खिलाड़ी शिल्पी डबास के फाउल के बाद मिले पेनल्टी स्ट्रोक को झांग यिंग ने गोल में बदल दिया और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने एक बार फिर दबाव बनाना शुरू किया। 25वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर के दौरान दीपिका के शॉट ने चीनी डिफेंडर से टकराकर गोल का रास्ता तय किया। इस गोल के साथ भारत ने मुकाबले में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में चीन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बराबरी की कोशिशें तेज कर दीं। 39वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर मा निंग ने शानदार ड्रैगफ्लिक लगाकर गोल कर दिया और मुकाबला फिर से 2-2 की बराबरी पर आ गया।
भारतीय डिफेंस ने संभाला मोर्चा
मैच के आखिरी क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। चीन ने कई बार भारतीय गोलपोस्ट पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती और धैर्य के साथ सभी हमलों को नाकाम कर दिया। इस दौरान लालरेमसियामी को गोल करने के कुछ अच्छे अवसर मिले, लेकिन वह उन्हें गोल में बदलने में सफल नहीं हो सकीं। आखिरी सीटी बजने तक दोनों टीमें बढ़त बनाने के लिए संघर्ष करती रहीं, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर पाई। भारत ने चीन जैसी मजबूत टीम के खिलाफ एक महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए टूर्नामेंट का सकारात्मक आगाज किया।पूल-डी में भारत के लिए आगे के मुकाबले अहम
पूल-डी की अंक तालिका में इंग्लैंड फिलहाल शीर्ष स्थान पर है, जिसने अपने शुरुआती मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 4-0 से हराया था। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक हर पूल से शीर्ष दो टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी, इसलिए भारत के लिए आने वाले मुकाबले बेहद अहम रहने वाले हैं। भारतीय टीम अब अपने अगले मुकाबले में मंगलवार को साउथ अफ्रीका का सामना करेगी। टीम की नजर इस मुकाबले में जीत दर्ज कर पूरे तीन अंक हासिल करने पर होगी।


