रायपुर में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में युवक को कार से रौंदकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी वकील की पोशाक पहनकर कोर्ट परिसर पहुंचा और न्यायालय के समक्ष सरेंडर किया। इसके बाद आमानाका पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामला 14 अगस्त का है। आमानाका थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक परमजीत रणगण्ही की शादी शिखा साहू से तय होने की बातचीत चल रही थी।
गुरुद्वारे के पास विवाद, कार से कुचलकर हत्या
घटना वाले दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई। इस दौरान भरत मंगनानी भी वहां मौजूद था। बातचीत के बीच परमजीत और भरत के बीच विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार विवाद के बाद भरत ने तेज रफ्तार कार परमजीत पर चढ़ा दी। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने घायल परमजीत को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद फरार हो गया था आरोपी
घटना के बाद भरत मंगनानी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर आमानाका पुलिस ने अपराध क्रमांक 264/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला कायम किया और जांच शुरू की। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से भी उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच मंगलवार को भरत मंगनानी न्यायालय पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। अदालत ने पूछताछ और जांच के लिए आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।