जिले में अवैध शराब के फलते-फूलते कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के सख्त निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बीते दो दिनों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सघन चेकिंग अभियान में कुल 428.94 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।
भट्टियों पर चला बुलडोजर, वाहन भी जब्त पुलिस ने केवल शराब ही जब्त नहीं की, बल्कि शराब माफियाओं के ठिकानों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। ग्रामीण और जंगली इलाकों में चल रही महुआ शराब की भट्टियों को नष्ट किया गया और शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले ड्रम व अन्य उपकरणों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इतना ही नहीं, तस्करी के लिए उपयोग किए जा रहे दोपहिया वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
कड़ी कानूनी कार्रवाई इस दो दिवसीय अभियान के तहत:
आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 26 मामले दर्ज किए गए।
अवैध व्यापार में संलिप्त 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले की सभी थाना और चौकी टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस का कहना है कि नशा माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
