स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दूध, दही, मक्खन और पनीर में मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि एनालॉग पनीर ही नहीं, बल्कि सभी खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। रेलवे स्टेशन में 500 किलो पनीर जब्ती के मामले में कार्रवाई को लेकर उठे सवालों पर मंत्री ने कहा कि रेलवे परिसर में हुई घटनाओं में रेलवे की भी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और मिलावट के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
मुद्दे पर सीएम से हुई चर्चा
मेडिकल कॉलेज के छात्रों के प्रदर्शन पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि छात्रों से मुलाकात हुई है और स्टाइपेंड बढ़ाने के मामले में मुख्यमंत्री से चर्चा की गई है। सरकार इस विषय पर विचार कर रही है।
जीत के दावे पर मंत्री का तंज
कांग्रेस के 2028 विधानसभा चुनाव जीतने के दावे पर श्याम बिहारी जायसवाल ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता आपसी विवादों में उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें लागू करने में सक्षम नहीं है।बृजमोहन अग्रवाल का समर्थन
रायपुर कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर मंत्री ने कहा कि वे वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को भ्रम बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को उठाएं।