गुरुवार दोपहर भीषण गर्मी के बीच शहर के व्यस्त गुरुनानक चौक के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 15 से 20 मिनट में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्टार्ट करते ही इंजन से उठा धुआं, फिर भड़क उठी आग
जानकारी के अनुसार दुलारपाली निवासी 61 वर्षीय खेमलाल साहू बाजार करने सरायपाली आए थे। उन्होंने पदमपुर रोड स्थित गुरुनानक चौक के पास अपनी वैगनआर (CG-10 AN 5170) खड़ी की और पास ही मोची की दुकान पर जूता सिलवाने लगे। कुछ देर बाद जब वे लौटे और कार स्टार्ट करने की कोशिश की, तभी इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। पास में मौजूद मोची ने तुरंत उन्हें आगाह किया। खेमलाल ने बोनट खोलने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही पलों में आग इंजन से होते हुए डीजल टैंक तक पहुंच गई और कार ने आग का गोला रूप ले लिया। करीब 20 मिनट के भीतर वाहन का लगभग 80% हिस्सा जलकर खाक हो गया।
पुलिस ने रास्ता किया बंद, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर जयस्तंभ चौक व दुर्गा मंदिर चौक की ओर से रास्ता बंद कर दिया गया। यातायात को डायवर्ट किया गया। नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
43 डिग्री तापमान बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार तेज धूप में लंबे समय तक वाहन खड़ा रहने से उसके इलेक्ट्रिकल सिस्टम पर असर पड़ता है, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना बढ़ जाती है।
लोगों को दी गई सलाह
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि:
- तेज धूप में वाहनों को लंबे समय तक खड़ा न करें
- वाहन की नियमित सर्विसिंग कराते रहें
- इंजन या वायरिंग में खराबी को नजरअंदाज न करें

