गांजा केस : 15 लाख के गांजे की खेप मामले में 4 फरार आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस ने कोमाखान थाना क्षेत्र में 30 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चार आरोपियों को मध्यप्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में वाहन मालिक, गांजा परिवहन करने वाले दोनों तस्कर और गांजा मंगाने वाला मुख्य आरोपी शामिल है।
क
कीर्तिमान न्यूज
08 Jul 2026, 07:44 AM
महासमुंद
कोमाखान थाना क्षेत्र में 30 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को महासमुंद पुलिस ने मध्यप्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गांजा परिवहन करने वाले दोनों तस्करों के अलावा वाहन मालिक और गांजा मंगाने वाला व्यक्ति भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर कोमाखान पुलिस ने सुवरमाल की ओर से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया था। चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से भाग निकला। पुलिस ने मोटरसाइकिल से पीछा किया, लेकिन रेलवे क्रॉसिंग के पास अंडरब्रिज में कार छोडक़र दोनों आरोपी फरार हो गए।
30 किलो गांजा जब्त
कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 30 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई। पुलिस ने गांजा और वाहन जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया।
कोमाखान थानाजबलपुर से किया गिरफ्तार
जांच के दौरान साइबर थाना की तकनीकी टीम और वाहन के पंजीयन संबंधी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम जबलपुर पहुंची और वाहन मालिक दुर्गेश चक्रवर्ती (25) को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर गांजा परिवहन करने वाले छोटू सिंह ठाकुर (30) और राजेंद्र राज चौधरी (38) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे जबलपुर निवासी संदीप गुप्ता (50) के लिए ओडिशा से गांजा लेकर आए थे। इसके बाद पुलिस ने संदीप गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया।