पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद लगातार हो रही हिंसक घटनाओं और हत्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भगवा (भारतीय गण वार्ता) पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष देवेश मिश्रा ने इन घटनाओं को भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक बताया है।
देवेश मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव के बाद हार-जीत स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन सत्ता में बने रहने की कथित लालसा के चलते कुछ तत्वों द्वारा हिंसा और भय का माहौल पैदा करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने सुवेंद्रु अधिकारी के पीए और कथित सनातनी नेता भैया चंद्रनाथ रथ की मध्यम ग्राम में गोली मारकर हत्या की घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया।
देवेश मिश्रा ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि समाज में भय फैलाने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणामों के बाद कुछ राजनीतिक दल और उनके समर्थक कथित तौर पर तनाव और हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे केंद्र सरकार से मांग की कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति की गंभीरता से समीक्षा की जाए और हिंसा फैलाने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में आम जनता का विश्वास लोकतंत्र से उठने लगता है, जो देश के लिए ठीक नहीं है।
