जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। एंटी नारकोटिक टॉस्क फोर्स और विभिन्न थाना-चौकी पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
महासमुंद पुलिस ने ग्राम जामपाली के पास घेराबंदी कर एक आरोपी के पास से 4.5 लीटर देशी शराब जब्त की। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने के 6 अलग-अलग मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान कुल 5.40 लीटर शराब जब्त की गई।
सिंघोड़ा थाना क्षेत्र
सिंघोड़ा पुलिस ने मल्दामाल चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए 50 लीटर महुआ शराब और एक बिना नंबर की स्कूटी जब्त की। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई।
बसना थाना क्षेत्र
बसना पुलिस ने पुराना रायपुर रोड में एक आरोपी के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कोमाखान थाना क्षेत्र
कोमाखान पुलिस ने चार अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 17.820 लीटर अंग्रेजी शराब, 8.5 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 38,650 रुपये बताई गई।
पिथौरा थाना क्षेत्र
पिथौरा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 7.38 लीटर देशी शराब और एक स्कूटी जब्त की। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुल जब्ती करीब 23,280 रुपये की रही।
तुमगांव थाना क्षेत्र
तुमगांव पुलिस ने ओवरब्रिज के पास कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर शराब पिलाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और 270 एमएल शराब जब्त की।
सरायपाली थाना क्षेत्र
सरायपाली पुलिस ने दो मामलों में कार्रवाई करते हुए 270 एमएल देशी शराब जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तेंदूकोना थाना क्षेत्र
तेंदूकोना पुलिस ने एक आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर शराब पिलाने के आरोप में गिरफ्तार कर 100 एमएल शराब जब्त की। इस संयुक्त अभियान के तहत जिले भर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई और कई आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
