शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरोण्डा ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 88.89 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का परिणाम 76.92 प्रतिशत रहा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।
पायल निषाद ने किया टॉप, 90.4% अंक हासिल
कक्षा 12वीं में कला संकाय की छात्रा पायल निषाद, पिता चंद्रहास निषाद ने 90.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान संकाय में रूपाली निर्मलकर, पिता अशोक निर्मलकर ने 80.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर टॉप किया। इसी तरह वाणिज्य संकाय में उपासना साहू, पिता प्यारेलाल साहू ने 79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
10वीं में साधना वर्मा बनीं टॉपर
कक्षा 10वीं में साधना वर्मा, पिता पुरुषोत्तम वर्मा ने 88.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। 10वीं कक्षा में कुल 26 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 12 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 7 द्वितीय श्रेणी और 1 तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। वहीं 2 विद्यार्थी पूरक तथा 4 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे।
12वीं का भी शानदार प्रदर्शन
कक्षा 12वीं में कुल 18 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 14 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी और 2 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। जबकि 2 विद्यार्थियों को पूरक की पात्रता मिली है। इस वर्ष का परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर बताया जा रहा है।
शिक्षकों की मेहनत का नतीजा
विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार साहू ने बताया कि सत्र की शुरुआत से ही सभी शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर गंभीरता दिखाई। नियमित कक्षाएं, रिवीजन, गृह कार्य और विशेष मार्गदर्शन के कारण विद्यार्थियों ने बेहतर परिणाम हासिल किए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का ही परिणाम है कि विद्यालय ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
पूरे स्टाफ ने दी बधाई
विद्यार्थियों की सफलता पर प्राचार्य अशोक कुमार साहू, वरिष्ठ व्याख्याता तानसेन साहू, विजयमणि वर्मा, परीक्षा प्रभारी अभिषेक गोलछा, सुरेश कुमार देवांगन, एकता वर्मा, उत्तम कुमार कुर्रे, शोभना शिंदे, अश्वनी साहू, रेखा शर्मा, मिली घोष, गीता साहू, नरेंद्र कुमार, अमित कुंभकार, व्यायाम शिक्षक जीवनलाल दीवान, कार्यालय सहायक ऋषि कुमार साहू तथा विद्या साहू सहित पूरे स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
परीक्षा प्रभारी ने दी जानकारी
परीक्षा प्रभारी अभिषेक गोलछा ने बताया कि विद्यार्थियों ने अनुशासित रहकर लगातार मेहनत की, जिसका परिणाम इस वर्ष के शानदार परीक्षा परिणाम के रूप में सामने आया है।
