Raipur Spa Center Raid: देवेंद्र नगर इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के दौरान आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा किया है। यह कार्रवाई एसीपी स्नेहिल साहू के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, श्याम स्क्वायर स्थित इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में 10 सितंबर को सिविल लाइन और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सेंटर की गतिविधियों की जांच की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में स्पा सेंटर के संचालक टिकरापारा निवासी हरविंदर सिंह ग्रोवर और मैनेजर भिलाई निवासी मुकेश कुमार वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों के खिलाफ देवेंद्र नगर थाने में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट), 1956 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में स्पा सेंटर में दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाकर काम कराने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ के दौरान कुछ युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर जबरन गलत गतिविधियों में शामिल कराने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बताया कि युवतियों के बयान और मौके से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।दस्तावेजों और नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेजों, वहां कार्यरत लोगों और संचालक-मैनेजर की भूमिका की जांच कर रही है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवतियों को रायपुर कैसे लाया गया और स्पा सेंटर में उनकी नियुक्ति किस प्रक्रिया से हुई। फिलहाल पुलिस ने आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

