गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में एक ग्रामीण की लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शराब के नशे में उसने एक जहरीले सांप को पकड़कर अपने गले में लपेट लिया और काफी देर तक गांव की गलियों में घूमता रहा। इसी दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
संतराम भैना के घर घूसा था सांप
मिली जानकारी के अनुसार, भदौरा निवासी संतराम भैना के पड़ोसी के घर में एक खतरनाक सांप घुस गया था। इसकी जानकारी मिलने पर संतराम नशे की हालत में सांप पकड़ने पहुंच गया। उसने सांप को पकड़ तो लिया, लेकिन सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के बजाय उसे अपने गले में लपेट लिया। संतराम गले में सांप लपेटकर गांव की गलियों में घूमने लगा। उसे ऐसा करते देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए।
इस दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया
शुरुआत में उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन कुछ देर बाद जहर का असर दिखाई देने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। संतराम की हालत खराब होते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज पूरा होने से पहले ही वह मौका पाकर अस्पताल से बाहर निकल गया।परिजन और ग्रामीण आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश
अस्पताल से निकलने के बाद संतराम कहां गया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। परिजन और ग्रामीण आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रहे हैं। सांप के कई बार डसने और इलाज बीच में छोड़ने के कारण परिवार के लोग उसकी जान को लेकर चिंतित हैं। गले में सांप लपेटकर गांव में घूमते संतराम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस जोखिम भरे व्यवहार पर सवाल उठा रहे
हालांकि, घटना और वायरल वीडियो से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है। सांप के काटने पर पीड़ित को बिना समय गंवाए नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। झाड़-फूंक, घरेलू उपचार या इलाज बीच में छोड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसी स्थिति में पीड़ित को शांत रखते हुए तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।