छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार इलाके में सवारियों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर में सवार 19 लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर सकर्रा सरपंच के नाम पर खरीदा गया था। बताया जा रहा है कि मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर में करीब 19 ग्रामीण सवार थे, जो सकर्रा सरपंच के खेत में रोपा लगाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मुड़पार के पास ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया।
लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और नियंत्रण बिगड़ने के कारण ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें बैठे लोग दब गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैक्टर पलटने के बाद बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल पांच लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस चालक से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। एक साथ दो ग्रामीणों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज और सड़क सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने की मांग की है।