छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खेलते-खेलते कुएं में गिरने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई। दर्दनाक घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती के दादर इलाके की है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं आसपास के लोग भी सदमे में हैं।
घर के पास खेल राहा था अभियांस
जानकारी के अनुसार, तीन वर्षीय अभियांस पटेल घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह घर से लगी बाड़ी में बने कुएं के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से पानी में गिर गया। घटना के समय परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
बारिश के कारण लबालब भरा था कुआं
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण बाड़ी में बना कुआं पानी से लबालब भरा हुआ था। आशंका है कि कुएं के पास पहुंचने के दौरान मासूम फिसलकर उसमें गिर गया और गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सका।
चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की
काफी समय बीतने के बाद भी अभियांस घर में दिखाई नहीं दिया तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर और आसपास खोजबीन करने के दौरान उन्हें मासूम के कुएं में गिरने का पता चला। इसके बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बाहर निकाला। अभियांस को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से मचा कोहराम
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अभियांस दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। उसके पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी करने के साथ बाड़ी में सब्जियां उगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।