ग्रामीण इलाकों में कृषि उपकरणों और मशीनों पर चोरों की नजर एक बार फिर बढ़ गई है। महासमुंद जिले के थाना सिंघोड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रक्शा से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहाँ एक किसान के खेत में लगा लाखों का सोलर पंप सेट अज्ञात चोर चुरा ले गए। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रक्शा के रहने वाले ललित राम पटेल (55 वर्ष) ने अपने 'चारखुटिया मुडा' स्थित खेत में सिंचाई और कृषि कार्य के लिए सोलर पंप सेट लगवाया था। 23 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे किसान अपना काम खत्म करके घर लौटा था। अगले दिन यानी 24 जुलाई की सुबह 7 बजे जब वह दोबारा खेत पहुँचा, तो वहाँ का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। खेत में लगा पूरा सोलर पंप सेटअप गायब था।
किसान ने आसपास और जान-पहचान वालों के बीच काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी हुए सामान का कोई सुराग नहीं मिला। परेशान होकर उसने सिंघोड़ा थाने पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए सामान में शामिल हैं:
सबमर्सिबल पंप और कंट्रोलर
300 Wp के सोलर मॉड्यूल
मॉड्यूल माउंटिंग स्ट्रक्चर (16 मॉड्यूल क्षमता वाला)
कॉपर केबल और HDPE रोल पाइप
अज्ञात चोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज
चोरी गए इस पूरे पुरानी इस्तेमाल की सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹96,000 बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंघोड़ा थाना पुलिस ने प्रार्थी ललित राम पटेल की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है।