नगर के कोपाबेड़ा जलाशय में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। निर्माणाधीन नाले में गिरने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घर के पास बने नाले में फिसलकर गिरी बच्ची
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे नहरपारा निवासी चांदनी नाग (6 वर्ष), पिता मानसिंह नाग, अपने घर के पास थी। इसी दौरान वह निर्माणाधीन नाले के पास पहुंची और अचानक पैर फिसलने से पानी में जा गिरी। नाले में पानी अधिक गहरा होने के कारण बच्ची बाहर नहीं निकल सकी और डूबने से उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने निकाला शव, जांच प्रक्रिया शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्ची को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पहले हादसे के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोपाबेड़ा जलाशय के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी निर्माण स्थल पर एक बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद ठेकेदार की ओर से सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
निर्माणाधीन नाले के आसपास न तो सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने, बैरिकेडिंग लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की गई है।