जिले की सांकरा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगतदेवरी क्षेत्र की एक दुकान में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस को पता चला कि दुकान के अंदर बैठकर आईपीएल मैचों पर रुपये-पैसों का दांव लगाया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि यह पूरा खेल सुनियोजित तरीके से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप्स के जरिए संचालित हो रहा था। जांच के दौरान आरोपी नरेश निषाद और मनोहर मांझी के मोबाइल फोन की गहन जांच की गई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे नागपुर निवासी मधुसूदन ठाकरे के संपर्क में रहकर आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते थे। हार-जीत का हिसाब स्थानीय एजेंटों के जरिए किया जाता था।
डिजिटल लेन-देन और चैट से मिले अहम सबूत
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से ऑनलाइन सट्टे से जुड़े चैट, ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट और फोनपे के माध्यम से हजारों से लेकर लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों से नेटवर्क की व्यापकता का संकेत मिला है। अधिकारियों के मुताबिक बरामद साक्ष्य यह दर्शाते हैं कि यह कोई छोटा गिरोह नहीं बल्कि एक बड़ा सट्टा नेटवर्क है। इसमें कई स्थानीय एजेंट और खाईवालों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है, जिनकी पहचान की जा रही है।तीन आरोपी गिरफ्तार, भारी सामान जब्त
पुलिस ने इस मामले में नरेश निषाद (40), मनोहर मांझी (38) और मधुसूदन ठाकरे (40) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर रही है। कई संदिग्ध मोबाइल नंबर और स्थानीय संपर्कों के सुराग भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
