Airtel Broadband: टेलीकॉम सेक्टर में Airtel ने ब्रॉडबैंड परफॉर्मेंस के मामले में Jio को पीछे छोड़ दिया है। Opensignal की ताजा रिपोर्ट में Airtel ने भारत के फिक्स्ड ब्रॉडबैंड अनुभव से जुड़ी सभी पांच प्रमुख कैटेगरी में बाजी मारी है। इस सूची में Reliance Jio और सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL भी शामिल थीं, लेकिन प्रदर्शन के आधार पर Airtel सबसे आगे रहा।
Opensignal की नेशनल फिक्स्ड ब्रॉडबैंड एक्सपीरियंस रिपोर्ट में इंटरनेट की स्पीड से लेकर कनेक्शन की विश्वसनीयता और वीडियो स्ट्रीमिंग जैसे पहलुओं का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, Airtel ने ओवरऑल ब्रॉडबैंड एक्सपीरियंस के साथ-साथ फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) कैटेगरी में भी बेहतर प्रदर्शन किया।
पांचों कैटेगरी में Airtel को मिली जीत
Opensignal की रिपोर्ट में Airtel ने जिन पांच कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया, उनमें ब्रॉडबैंड रिलायबिलिटी, कंसिस्टेंट क्वालिटी, डाउनलोड स्पीड, अपलोड स्पीड और वीडियो एक्सपीरियंस शामिल हैं।
इंटरनेट कनेक्शन की विश्वसनीयता के मामले में Airtel को 100 से 1,000 अंकों के पैमाने पर 486 का स्कोर मिला। वहीं Reliance Jio 423 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसका मतलब है कि कनेक्शन की स्थिरता के मामले में Airtel ने अपने प्रमुख प्रतिस्पर्धी से बेहतर प्रदर्शन किया। डाउनलोड और अपलोड स्पीड के मामले में भी Airtel आगे रहा। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ही मापदंडों पर कंपनी का प्रदर्शन Jio से करीब 26 से 27 प्रतिशत बेहतर दर्ज किया गया। इस श्रेणी में BSNL भी पीछे नहीं रही। उसकी डाउनलोड स्पीड Airtel से महज 0.5 Mbps और अपलोड स्पीड 0.8 Mbps कम रही।
फिक्स्ड वायरलेस इंटरनेट में भी Airtel का दबदबा
फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) यानी बिना पारंपरिक केबल कनेक्शन के उपलब्ध कराई जाने वाली होम इंटरनेट सेवा में भी Airtel ने पहला स्थान हासिल किया। रिपोर्ट के मुताबिक, Airtel की औसत डाउनलोड स्पीड 32.4 Mbps और अपलोड स्पीड 20.7 Mbps रही। वहीं Jio की डाउनलोड स्पीड 25.7 Mbps और अपलोड स्पीड 17.1 Mbps दर्ज की गई। कनेक्शन की विश्वसनीयता और इंटरनेट की लगातार बेहतर गुणवत्ता के मामले में भी Airtel ने बढ़त बनाए रखी। FWA रिलायबिलिटी में Airtel को 450 अंक मिले, जबकि Jio का स्कोर 382 रहा। इसी तरह कंसिस्टेंट क्वालिटी के मामले में Airtel ने 66.2 प्रतिशत और Jio ने 55 प्रतिशत स्कोर हासिल किया।सब्सक्राइबर्स के मामले में Jio अब भी पहले नंबर पर
ब्रॉडबैंड परफॉर्मेंस में Airtel भले ही इस रिपोर्ट में सबसे आगे रहा हो, लेकिन ग्राहकों की संख्या के मामले में Reliance Jio की स्थिति अब भी मजबूत है। भारत के वायर्ड ब्रॉडबैंड बाजार में Jio करीब 14.8 मिलियन सब्सक्राइबर्स के साथ पहले स्थान पर है। Airtel के पास 11.4 मिलियन और BSNL के पास लगभग 4.6 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं।












