Jio Pico Small Cell: अक्सर घर, ऑफिस या किसी बड़ी बिल्डिंग के अंदर पहुंचते ही मोबाइल नेटवर्क कमजोर पड़ने लगता है। बाहर जहां फोन पर अच्छी इंटरनेट स्पीड मिलती है, वहीं इनडोर जगहों पर कॉलिंग और इंटरनेट इस्तेमाल करने में परेशानी होती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए Jio Platforms ने Pico Small Cell नाम का नया डिवाइस पेश किया है।
यह खास तौर पर बड़ी इमारतों के अंदर 5G नेटवर्क कवरेज बेहतर बनाने के लिए तैयार किया गया है। यह एक कॉम्पैक्ट बेस स्टेशन है, जिसे बिल्डिंग के अलग-अलग फ्लोर पर दीवार या छत पर लगाया जा सकता है। इसकी मदद से उन जगहों पर भी बेहतर 5G कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क कमजोर रहता है।
कब उपलब्ध होगा Jio Pico Small Cell?
Jio के इस नए डिवाइस की उपलब्धता और कीमत को लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में ग्राहकों और व्यावसायिक संस्थानों को इसकी लॉन्चिंग और कीमत से जुड़ी घोषणा का इंतजार करना होगा।
बिल्डिंग के हर फ्लोर पर बेहतर नेटवर्क
Pico Small Cell की सबसे बड़ी खासियत इसका फ्लोर-बाय-फ्लोर डिजाइन है। इसमें जिस मंजिल पर नेटवर्क की ज्यादा जरूरत होगी, वहां अलग से बेस स्टेशन लगाया जा सकता है। इससे बिल्डिंग के अंदर मोबाइल सिग्नल पहुंचाना आसान होगा। पारंपरिक Distributed Antenna System (DAS) में एक केंद्रीय उपकरण से अलग-अलग मंजिलों पर लगे एंटीना तक सिग्नल पहुंचाने के लिए लंबी केबल का इस्तेमाल किया जाता है। इसके मुकाबले Pico Small Cell में प्रत्येक फ्लोर पर अलग यूनिट लगाई जा सकती है। इससे लंबी फीडर केबल की जरूरत कम होती है और इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया भी आसान बनती है। इस छोटी यूनिट में सिग्नल प्रोसेस करने वाला हार्डवेयर और रेडियो ट्रांसमिशन से जुड़े कंपोनेंट मौजूद होते हैं। जिन मंजिलों पर कर्मचारियों की संख्या अधिक है या नेटवर्क का इस्तेमाल ज्यादा होता है, वहां अतिरिक्त यूनिट लगाकर कवरेज और नेटवर्क क्षमता बढ़ाई जा सकती है।1 Gbps तक मिल सकती है डाउनलोड स्पीड
Jio Pico Small Cell तकनीकी रूप से भी खास है। यह 3.3 GHz से 3.6 GHz के बीच n78 5G बैंड पर काम करता है। इसमें Software Defined Radio (SDR) आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया गया है। इसका फायदा यह है कि सपोर्टेड रेडियो फीचर्स को सॉफ्टवेयर के जरिए अपडेट किया जा सकता है। कंपनी के बताए गए तकनीकी आंकड़ों के मुताबिक, इस डिवाइस के जरिए इनडोर लोकेशन पर 1 Gbps तक की पीक डाउनलोड स्पीड और 75 Mbps तक की पीक अपलोड स्पीड हासिल की जा सकती है। हालांकि, वास्तविक इंटरनेट स्पीड कई बातों पर निर्भर करेगी। इसमें नेटवर्क की क्षमता, सिग्नल की स्थिति, इस्तेमाल किए जा रहे स्मार्टफोन और एक समय में नेटवर्क से जुड़े डिवाइसों की संख्या अहम होगी।












