Alliance Air Flight: बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए नई दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में शुक्रवार को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। विमान के मेरठ के पास पहुंचने पर पायलट को एक इंजन में समस्या का पता चला, जिसके बाद तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी गई और आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी गई। पायलट के अलर्ट के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी व्यवस्था लागू कर दी गई।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल वाहन, एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं को तैयार रखा गया। करीब दोपहर 2:15 बजे विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। फ्लाइट में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच के लिए डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने जांच के आदेश दिए हैं।
बिलासपुर से प्रयागराज के रास्ते दिल्ली जा रही थी फ्लाइट
जानकारी के अनुसार, अलायंस एयर की फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान लगभग 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा। यहां कुछ समय रुकने के बाद फ्लाइट दोपहर 12:33 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद विमान जब मेरठ के आसपास पहुंचा, तभी पायलट को एक इंजन में तकनीकी समस्या महसूस हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान का बायां इंजन अचानक काम करना बंद कर गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और दिल्ली एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली की ओर लाया गया।यात्रियों में बढ़ी चिंता, लेकिन पायलट ने संभाली स्थिति
इंजन में खराबी की जानकारी मिलने के बाद विमान में बैठे यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। यात्रियों ने बताया कि इंजन बंद होने के बाद सभी का ध्यान उसी ओर था, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। अब डीजीसीए की जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि विमान के इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई थी।
