यशराज फिल्म्स के बहुचर्चित स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान फिल्म अल्फा इन दिनों बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म में अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खबर यह है कि फिल्म का पहला टीजर 10 जून को जारी होगा ।यह टीजर फिल्म की कहानी, किरदारों और इसके बड़े एक्शन स्केल की पहली झलक दर्शकों के सामने पेश करेगा। यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स पहले ही एक था टाइगर, टाइगर जिंदा है, वॉर, पठान और टाइगर 3 जैसी सुपरहिट फिल्मों के जरिए अपनी पहचान बना चुकी है।
एक हत्यारी मशीन की कहानी
अल्फा का टीजर एक ऐसी लड़की की कहानी पर होगा, जिसे बचपन से ही एक घातक और प्रशिक्षित योद्धा बनने के लिए तैयार किया गया है। फिल्म में एक्शन, जासूसी, मिशन और भावनात्मक संघर्ष का अनोखा मिश्रण देखने को मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक फिल्म की कहानी केवल एक स्पाई मिशन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आधुनिक भारत की आत्मविश्वासी और निडर युवा पीढ़ी की सोच भी है। यही वजह है कि फिल्म का शीर्षक अल्फा केवल एक किरदार का नाम नहीं बल्कि एक विचारधारा के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
आलिया और शरवरी
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार आलिया भट्ट और शरवरी वाघ एक साथ बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी। दोनों अभिनेत्रियां अपने-अपने करियर में दमदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं, लेकिन इस फिल्म में दर्शकों को उनका बिल्कुल नया एक्शन अवतार देखने को मिलेगा रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों अभिनेत्रियों ने फिल्म के लिए एक्शन प्रशिक्षण लिया है। फिल्म में कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस, हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट और अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टंट शामिल किए गए हैं।
आधुनिक भारत की नई सोच
सूत्रों का कहना है कि अल्फा का प्रचार अभियान केवल फिल्म के किरदारों पर आधारित नहीं होगा, बल्कि यह आज के भारत के आत्मविश्वास, साहस और नेतृत्व क्षमता को भी दर्शाएगा। फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि नई पीढ़ी किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। आलिया और शरवरी के किरदार इसी सोच का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे।
बॉबी देओल और अनिल कपूर
फिल्म में आलिया और शरवरी के अलावा अभिनेता बॉबी देओल और अनिल कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। बॉबी देओल पिछले कुछ वर्षों में अपने दमदार नकारात्मक किरदारों के कारण चर्चा में रहे हैं, जबकि अनिल कपूर का अनुभव फिल्म को और हिट बनाने में मदद करेगा वही निर्माताओं ने अभी तक इन कलाकारों के किरदारों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन दोनों फिल्म की कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रिलीज डेट
शुरुआत में फिल्म की रिलीज डेट 10 जुलाई 2026 बताई जा रही थी, लेकिन अब फिल्म ट्रेड सर्किल में चर्चा है कि इसे एक सप्ताह पहले यानी 3 जुलाई को रिलीज किया जा सकता है इस संबंध में यशराज फिल्म्स की ओर से अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है यदि रिलीज डेट में बदलाव होता है तो यह फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बेहतर स्पेस दिलाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
स्पाई यूनिवर्स
अल्फा केवल एक और स्पाई फिल्म नहीं है, बल्कि यह यशराज स्पाई यूनिवर्स के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम है। पहली बार महिला एजेंटों को केंद्र में रखकर बनाई जा रही यह फिल्म भारतीय एक्शन सिनेमा के लिए भी एक नया अध्याय साबित हो सकती है फिल्म के टीजर को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म एक्शन, रोमांच और भावनाओं का शानदार मिश्रण पेश करेगी।
