मैहर जिले के रामनगर से सतना जिला अस्पताल रेफर की गई 25 वर्षीय प्रसूता की एंबुलेंस में ही डिलीवरी हो गई। अस्पताल के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत मौके पर संभालते हुए मां और नवजात को सुरक्षित वार्ड में भर्ती कराया। रामनगर निवासी रेखा पाठक को शुक्रवार सुबह प्रसव पीड़ा के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार महिला की पहली डिलीवरी करीब 8 साल पहले हुई थी, जिसमें गर्भस्थ शिशु को परेशानी हुई थी। इस बार भी अचानक अधिक पानी डिस्चार्ज होने और पुरानी मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए डॉक्टरों ने जोखिम को देखते हुए उसे सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एंबुलेंस में हुई डिलीवरी
रेफर किए जाने के बाद महिला को 108 एंबुलेंस से सतना जिला अस्पताल लाया जा रहा था। शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही एंबुलेंस अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंची, महिला ने अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया। स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस स्टाफ ने तुरंत अस्पताल के प्रसूति विभाग को सूचना दी।नर्सिंग स्टाफ ने दिखाई तत्परता
सूचना मिलते ही नर्सिंग स्टाफ स्ट्रेचर लेकर एंबुलेंस तक पहुंचा। नर्सिंग ऑफिसर ने एंबुलेंस के अंदर ही नवजात की नाल काटकर जरूरी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मां और बच्चे को सुरक्षित तरीके से प्रसूति वार्ड में शिफ्ट किया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की टीम ने प्रसूता और नवजात की जांच की। जरूरी उपचार और निगरानी के बाद दोनों की हालत सामान्य बताई गई। एंबुलेंस में हुई इस इमरजेंसी डिलीवरी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।